ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से युवक की मौत, पिता घायल
-रविवार रात सल्लाहपुर गांव के समीप हुआ हादसा, कोहराम
-दावत में शरीक होने के बाद घर लौट रहे थे कार सवार पिता-पुत्र
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। हाईवे पर पूरामुफ्ती के सल्लाहपुर गांव के समीप रविवार रात कार और ट्रैक्टर ट्राली की सीधी टक्कर हो गई। कार चला रहे युवक की हादसे में मौत हो गई जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने खबर परिजनों को दी तो कोहराम मच गया।
इलाहाबाद के नीमसराय धूमनगंज निवासी शहजादे इलेक्ट्रिक दुकान चलाते हैं। रविवार को वह बेटे सरताज (22) के साथ कार से कोखराज के रोही गांव में रहने वाले रिश्तेदार के घर दावत में शरीक होने आए थे। वहां से रात तकरीबन एक बजे पिता-पुत्र घर लौट रहे थे। हाईवे पर सल्लाहपुर गांव के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली से कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कार चला रहे सरताज की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शहजादे को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकला। आस-पास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए हादसे की जानकारी मृतक के घर वालों को दी तो परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
धू-धूकर जली कपड़ा सिलाई की दुकान
-रविवार रात संदिग्ध दशा में लगी आग, हजारों का नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी के पिंडरा चौराहे पर रविवार रात कपड़ा सिलाई की दुकान धू-धूकर जल गई। रात अचानक दुकान से धुंए का गुबार और लपटें देख पड़ोसियों ने घटना की जानकारी दुकानदार को देने के साथ ही आग बुझाई। हालांकि तब तक दुकान में रखी मशीनों के साथ सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आगजनी से दुकानदार का करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है।
करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा सहावनपुर गांव निवासी घनश्याम पुत्र बैजनाथ कपड़ा सिलाई का काम करता है। परिवार की जीविका के लिए उसने पिंडरा चौराहे पर दुकान खोल रखी थी। रविवार शाम वह रोज की तरह दुकान बंद करके घर चला गया। आधी रात अचानक दुकान में आग लग गई। धुंए के गुबार के साथ लपटों को देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग आनन-फानन घटना की जानकारी दुकानदार को देते हुए आग बुझाने का प्रयास करने लगे। जब तक लोग आग पर काबू पाते दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आगजनी से दुकानदार का करीब 50 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि दुकानदार के कमाई का जरिया दुकान ही थी। आगजनी के बाद से पीड़ित परिवार के लोगाें का हाल बेहाल है।