महिला संग लुटेरे गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
सरगना फरार, तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें, दबिश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
हरी मटर लदी डीसीएम लूटकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल महिला समेत दो लुटेरों को गिरफ्तार कर 25 बोरी मटर बरामद करने का दावा किया है। फरार चल रहे सरगना की तलाश जारी है।
कोखराज के कशिया पूरब निवासी इस्माइल पुत्र किस्मत उल्ला अपनी निजी डीसीएम पर जबलपुर से हरी मटर लादकर मुंडेरा मंडी जा रहा था। 24 नवंबर की भोर बोलेरो सवार बदमाश महेवाघाट के हिनौता मोड़ के समीप चालक और ड्राइवर को बंधक बनाकर मटर समेत डीसीएम लूट ले गए थे। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस लुटरों की तलाश में जुटी थी। एसपी ने इसके लिए महेवाघाट के साथ ही नगर कोतवाल धनंजय वर्मा को भी लगा रखा था। पुलिस ने उसी रोज करारी इलाके से खाली डीसीएम बरामद कर ली थी। लुटेरों की तलाश में पुलिस ने मुखबिरों का जाल बिछा दिया था। सोमवार को इसमें सफलता भी मिल गई। कोतवाल महेवाघाट मो. हासिम ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तुर्तीपुर गांव में रहने वाली रुखसाना पत्नी हारून के घर छापामारी कर 25 बोरी मटर बरामद कर ली। रुखसाना की निशानदेही पर पुलिस ने करारी के किंगनगर मोहल्ला निवासी आलम पुत्र हिसामअली को भी गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों ने बताया कि तुर्तीपुर गांव के ही सगे भाई चांद और रईश के इशारे पर लूट की घटना अंजाम दी गई थी। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को लिखापढ़ी के बाद जेल भेज दिया। पुलिस को अब घटना में शामिल सगे भाइयों की तलाश है।
--------------------
पखवारे भर पहले लूटा था ट्रक
नगर कोतवाली के ओसा स्थित बालाजी धर्मकांटा के समीप से 29 अक्तूबर की रात गिट्टी लदा 12 चक्का ट्रक लूटा गया था। पुलिस के हत्थे चढ़े आलम ने बताया कि इस घटना में भी फरार चल रहे चांद और रईश का ही हाथ था। दोनों ने ही ड्राइवर-खलासी को अगवाकर खखरेरू के समीप से ट्रक लूटा था। आलम के जरिए मिले क्लू को पुलिस खंगालने में जुटी है।