पूजा पंडाल में करंट से मासूम की मौत
विद्युत झालर को छूने से हुआ हादसा, हाहाकार
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू(कौशाम्बी)। सैनी कोतवाली के म्योहरा में स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में करंट लगने से दो वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक चाकू से विद्युत झालर को छू रहा था। इससे हादसा हुआ। दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
म्योहरा में दुर्गा पंडाल सजाया गया है। गांव के राकेश कुमार का दो वर्षीय बेटा गौरव सुबह परिजनों के साथ पूजा पंडाल गया था। गौरव पंडाल में पहुंचने के बाद चाकू लेकर विद्युत झालर को छूने लगा। चाकू तार से छूते ही बालक करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई। बेटे की मौत से राकेश के परिजनों में हाहाकार मच गया। आनन-फानन बिजली की आपूर्ति ठप कराने के बाद शव को उठाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना करने के बाद शव परिजनों को दे दिया। दोपहर बाद बच्चे के शव का अंतिम संस्कार किया गया। मासूम बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
--------------------
करंट की चपेट से झुलसा युवक
सिराथू(ब्यूरो)। सैनी कोतवाली के भानीपुर गांव का संतोष कुमार सिराथू में मजदूरी करने गया था। बुधवार की सुबह मजदूरी के दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से युवक झुलस गया। युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर उसके परिजन भी अस्पताल आ गए हैं।
------------------------
मार्ग दुर्घटना में दंपति समेत चार घायल
सिराथू(ब्यूरो)। सैनी कोतवाली के गुलामीपुर गांव निवासी राजेन्द्र कुमार बुधवार की सुबह पत्नी पूजा देवी को लेकर बाइक से ससुराल प्रतापगढ़ जा रहा था। हाईवे पर पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी तरह केसरिया मोड़ के समीप सड़क किनारे खड़े दंपति निहोरे व राधा निवासी पीपल गांव भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
विधिक जानकारियों से रूबरू हुए छात्र
मंझनपुर(ब्यूरो)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बुधवार को गांधी मेमोरियल इंटर कालेज दारानगर में बाल अधिकार एवं सुरक्षा विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। प्राधिकरण के सचिव न्यायाधीश प्रेम प्रकाश की अध्यक्षता में गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान बाल संरक्षण अधिकारी अजीत कुमार ने बाल अधिकार के महत्व से बच्चों को रूबरू कराया। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या पर परिचर्चा की गई। इस मौके पर बार एसोसिएशन सिराथू के अध्यक्ष बसंत लाल के साथ तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।