चायल। ओवरलोडिंग में हफ्ते भर पहले सीज किए गए दो ट्रक रविवार को पिपरी कोतवाली से गायब हो गए। हेड मोहर्रिर की तहरीर पर दोनों वाहनों के चालक और मालिकों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने वाहनों की तलाश भी शुरू कर दी है।
खान निरीक्षक राज रंजन ने करीब एक हफ्ते पहले पिपरी इलाके में चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान ओवरलोड बालू लदे लगभग छह ट्रकों को सीज किया गया था। सभी ट्रक उन्होंने पिपरी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिए थे। सीज वाहन कोतवाली परिसर में ही खड़े थे। रविवार को दो ट्रकों के चालक पुलिस को चकमा देकर गाड़ियां लेकर फरार हो गए। इसकी जानकारी होते ही पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों के होश उड़ गए। पुलिस ने पहले वाहनों की खोजबीन की। सुराग नहीं लगने पर चालकों व मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस ट्रक मालिकों की तलाश में संदिग्ध ठिकानेां पर लगातार दबिश दे रही है। बड़ी बात यह है कि कोतवाली परिसर से चालक सीज ट्रक लेकर आखिर भाग कैसे गए। कहीं न कहीं पुलिस की यह बड़ी लापरवाही है। लापरवाह खाकी वालों के खिलाफ सोमवार को दूसरे दिन तक अधिकारियों ने किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की।
चालक ट्रक लेकर भाग गए हैं। चालकों और मालिकों के खिलाफ हेड मोहर्रिर की तहरीर लेकर केस दर्ज करा दिया गया है। वाहनों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
रामआसरे सरोज-इंस्पेक्टर, पिपरी