मंझनपुर/चायल। मंझनपुर कस्बा स्थित एक अधिवक्ता के घर से शुक्रवार रात दीवार फांदकर चोरों ने नगदी सहित करीब दो लाख का माल पार कर दिया। वहीं, चरवा कोतवाली क्षेत्र के साहीपर गांव में भी एक मकान से लाखों का डेरा साफ कर दिया। अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
मंझनपुर कस्बा निवासी देवनारायण शुक्ला पेशे से अधिवक्ता हैं। वह सदर कचहरी में प्रैक्टिस करते हैं। शुक्रवार रात वह और परिवार के सदस्य खाने के बाद सो गए। इस दौरान दीवार फांदकर भीतर घुसे चोर 20 हजार रुपये नकद के अलावा करीब 1.50 लाख के गहने, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर आदि उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही अधिवक्ता के होश उड़ गए।
चोरी की खबर फैलते ही मौके पर कस्बाइयों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। हालांकि शुरूआती जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इसी तरह चरवा कोतवाली क्षेत्र के साहीपर (शेखपुर रसूलपुर)गांव का इनकेस पुत्र श्रीचंद्र किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। शुक्रवार रात दीवार फांदकर उसके घर से चोर 70 हजार रुपया नकद और करीब दो लाख रुपये कीमत के गहने उठा ले गए। मामले में पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता का कहना है कि चोरी की सभी घटनाओं में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। संबंधित कोतवालों को जल्द खुलासे का निर्देश भी दे दिया गया है।