कलेजे के टुकड़े को छीन कर दिया बेघर
-एक लाख रुपए की खातिर विवाहिता पर बरपा कहर, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज के लाठपुर गांव में ब्याही युवती से मासूम बच्चे को छीन ससुरालियों ने बेघर कर दिया। शादी के बाद से ही ससुराली मायके से एक लाख रुपए लाने की जिद कर रहे थे। शनिवार को पिता के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
कोखराज थाना क्षेत्र के लाठपुर गांव में ब्याही अंजली देवी पत्नी रामजी ने बताया कि शादी के डेढ़ साल मे ही ससुराल के लोग जान के दुश्मन बन गए। मायके से एक लाख रुपए नगदी लाने की जिद का यातनाएं देने लगे। ससुरालियों ने हद तो तब पार कर दिया जब मांग पूरी नहीं होने पर पखवारे भर पहले पांच माह के मासूम बच्चे को छीन बेरहमी से पीटते हुए घर से बेघर कर दिया। मायके पहुंची युवती ने आपबीती परिजनों को बताई। दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत भी हुई पर ससुराल वाले साथ ले जाने के लिए नहीं राजी हुए। धमकी दिया कि यदि ले भी गए तो जलाकर मार देगें। ससुराल वालों की धमकी से सहमी पीड़िता शनिवार को पिता के साथ मंझनपुर पहुंची। पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देते हुए पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई। एसपी प्रदीप गुप्ता ने परिवार परामर्श प्रभारी को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
जुआरियों को पुलिस ने दबोचा
मंझनपुर(ब्यूरो)। महेवाघाट पुलिस ने शनिवार की रात घोपका पुरवा गांव के समीप बाग में जुआ खेल रहे दो लोगों को धर दबोचा। जबकि तीन-चार जुआरी भागने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से 13 सौ रुपए के साथ ताश के पत्ते बरामद किया। पकड़े गए जुआरी महेश प्रसाद निवासी केवट पुरवा अतर्रा बांदा व नारायण निषाद निवासी किशुनपुर धाता फतेहपुर बताए गए हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए जुआरियों को जेल भेज दिया है।
पड़ोसी के घर बरपा दबंगों का कहर
-मुर्गी मार कर खाने का विरोध करने पर हुई मारपीट, चार पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के मकदूमपुर ढोसकहा गांव में शनिवार की शाम दबंगों ने पड़ोसी के घर जमकर तांडव किया। घर में घुसकर तोडफोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने अधेड़ को पीटते हुए अधमरा कर दिया। घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
कौशाम्बी थाना क्षेत्र के मकदूमपुर ढोसकहा गांव निवासी रघु नारायन पुत्र महिपत का पड़ोसी से पुराना विवाद चल रहा है। बताया कि उसने मुर्गी पाल रखी थी। पड़ोसी ने साथियों के साथ मिल उसकी एक मुर्गी को मार कर खा गया। जानकारी होने पर शनिवार की शाम उसने विरोध किया। इसी खुन्नस में आरोपी ने साथियों के साथ मिल घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर तोड़-फोड़ करने का विरोध करने पर हमलावरों ने रघु को बेरहमी से पीट दिया। मारपीट देख घर-परिवार के साथ गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए चार हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।