फंदे से लटकती मिली युवक की लाश
गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने का परिजनों ने लगाया इल्जाम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सदर कोतवाली के थांभा में सोमवार सुबह एक युवक की घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटकती लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की मां ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थांभा निवासी राकेश (18) पुत्र मेवालाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बंटवारा होने के बाद वह अपनी मां सावित्री के साथ रहता था। गांव के ही एक व्यक्ति से राकेश का पेड़ पर कब्जे व जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कई बार दोनों पक्षों में झड़प हो चुकी थी। गांव वालों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया था। रविवार रात राकेश की मां रिश्तेदारी में थी। घर में वह अकेला था। सोमवार सुबह मां घर पहुंची तो देखा घर में सन्नाटा था। अंदर कमरे में पहुंची तो बेटे का शव फांसी के फंदे से लटकते देख उसकी चीख निकल गई। शोर मचाया तो गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राकेश की मां ने जमीन को लेकर जिससे विवाद चल रहा था उस पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर इंस्पेक्टर धनंजय वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की है। आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
नीलगाय से भिड़ा होमगार्ड, मौत
इलाज के दौरान टूटा दम, परिजनों में कोहराम
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज के असवा गांव के सामने हाईवे पर बाइक से जा रहा होमगार्ड नीलगाय से टकरा गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गार्ड की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है।
सदर कोतवाली के गोबरसहाई निवासी प्रेमचंद्र गुप्ता (41) था। प्रेमचंद्र की ड्यूटी हाईवे पर रोही बाईपास के समीप दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में लगी थी। सोमवार सुबह वह बाइक से रोही बाईपास जा रहा था। वह जैसे ही असवां गांव के समीप पहुंचा। अचानक नीलगाय सामने आ गई। इससे तेज रफ्तार बाइक भिड़ गई। हादसे में प्रेमचंद्र को गंभीर चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर कोखराज थाने की पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसको इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान गार्ड की मौत हो गई। प्रेमचंद्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
-----------------------
नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल
मंझनपुर। सैनी कोतवाली के घड़ियालीपुर गांव के सामने सोमवार सुबह नीलगाय से टक्कर होने के कारण बाइक सवार दंपति व बेटा घायल हो गए। घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र निवासी रोशनलाल सोमवार सुबह अपनी पत्नी श्रीमती व बेटे जय सिंह के साथ रिश्तेदारी कोखराज के नौढ़िया गांव बाइक से आ रहा था। करीब दस बजे जैसे ही वह घड़ियालीपुर गांव के समीप पहुंचा। नीलगाय से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।