पूर्व ब्लॉक प्रमुख व उनके बेटे समेत चार पर मुकदमा
-फर्जीवाड़ा करके भूमिधरी का बैनामा कराने का आरोप
-मवई गांव में विक्रय जमीन का कराया बैनामा, जांच में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। विक्रय जमीन का फर्जीवाड़ा करके भूमि बैनामा कराना मंझनपुर के पूर्व प्रमुख को महंगा पड़ा। किसान की शिकायत पर महेवाघाट पुलिस ने विक्रेता समेत चार लोगों के खिलाफ जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपियों में अफरातफरी मच गई है।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के मवई गांव निवासी विष्णुदत्त पुत्र रामदीन ने गांव के समीप नहर किनारे स्थित भूमिधरी का एक हिस्सा गांव के बद्री को बैनामा किया था। बताया जा रहा है कि बद्री से पूर्व ब्लॉक प्रमुख मंझनपुर नरनारायण मिश्र ने अभिलेखों में हेराफेरी करते हुए दूसरे हिस्से का बैनामा करा लिया। इसकी जानकारी भू स्वामी को हुई तो वह तहसील पहुंचा और अभिलेखों को खंगालते हुए थाने गया। पीड़ित किसान की तहरीर पर महेवाघाट पुलिस ने आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरनारायण मिश्र, उनके बेटे दीपक, अशोक और विक्रेता बद्री प्रसाद केवट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल मोहम्मद हाशिम ने बताया कि जिस आराजी की दस विस्वा जमीन बैनामा हुई है। उसकी चौहद्दी में नाला दर्शाया गया है। अभिलेख के अनुसार वहां पर कोई नाला नहीं है। भूमिधरी के बगल नहर है। पीड़ित ने पीछे का हिस्सा बद्री के हाथ बेंचा था। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-------
तीनों असलहों के लाइसेंस भी निलंबित
मंझनपुर (ब्यूरो)। फर्जीवाड़ा करभूमिधरी का बैनामा कराने के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के साथ ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख सदर नरनारायण मिश्रा के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर पूर्व प्रमुख के खिलाफ एंटी भूमाफिया के तहत कार्रवाई का आदेश जिला मजिस्ट्रेट ने दिया है। जिला मजिस्ट्रेट ने अपने फैसले पर पूर्व प्रमुख को अपराधी बताते हुए तीनों शस्त्र लाइसेंस निलंबित करते हुए कोतवाली पुलिस को असलहा जमा कराने का आदेश दिया है।
----------
पड़ोसी ने युवक को पीटकर किया अधमरा
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज थाना क्षेत्र के देवभिटा गांव में बृहस्पतिवार को पड़ोसी ने युवक को बेरहमी से पीटते हुए अधमरा कर दिया। गांव निवासी देवी शरण का पड़ोसी से पुराना विवाद हुआ था। जिसे लेकर सुबह दोनों के बीच तीखी झड़प हुई थी। मारपीट देख मौके पर पहुंचे गांव के अन्य लोगों ने बीच-बचाव करते हुए मामला शांत कराया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराते हुए हमलावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।