सरायअकिल के म्योहरिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह पंपिंगसेट का एक इंजन अचानक ब्लास्ट कर गया। हादसे में किसान की मौत हो गई जब कि साथ रहा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के म्योहरिया गांव का राजकुमार (35) पुत्र राम लखन किसान था। बृहस्पतिवार की सुबह मिर्च के खेत में भरे पानी की निकासी के लिए पनचक्की लेकर गया था। इस दौरान उसके साथ गांव का मनोज कुमार भी था। बताया जा रहा है कि चलने के आधा घंटे बाद पनचक्की का इंजन अचानक ब्लास्ट कर गया। इंजन की चपेट में आने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई जब कि साथ रहा मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके के साथ चीख सुन खेतों पर मौजूद गांव के अन्य लोग भागकर मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी परिजनों को दी। युवक के मौत की खबर सुनते ही घर-परिवार के लोग रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए गांव के लोगों ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से पत्नी और बेटे प्रियांशु और अंकुश का रो-रोकर हाल बेहाल है।
इंजन फटा, युवक की मौत, साथी गंभीर
बृहस्पतिवार की सुबह म्योहरिया गांव में हुई घटना, परिजनों में कोहराम