मूरतगंज: ऐतिहासिक मेले में परोसी जा रही अश्लीलता
मंझनपुर। मूरतगंज के ऐतिहासिक मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर अश्लीलता परोसी जा रही है। हर रात यहां नर्तकियां अर्धनग्न नृत्य प्रस्तुत करती हैं। उनपर रुपया लुटाने को लेकर रईशजादों के बीच मारपीट तक हो जाती है। मंगलवार को इसकी शिकायत ट्वीटर पर डीजीपी से की गई है। इसके बाद अब एसपी जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र की मूरतगंज बाजार में हर साल भव्य मेला लगता है। इस मेले में हमेशा की तरह इस बार भी थिएटर लगे हुए हैं। थिएटर संचालकों ने जिला प्रशासन से सांस्कृतिक कार्यक्रम करने की अनुमति ले रखी है। इसकी आड़ में यह अश्लीलता परोस रहे हैं। बताया जाता है कि रात आठ बजे से ही अश्लील कार्यक्रम शुरू हो जाते हैं। जैसे-जैसे रात ढलती है, वैसे-वैसे अश्लीलता बढ़ती जाती है। मध्य रात्रि के बाद नर्तकियां अर्ध नग्न होकर नृत्य करती हैं। उनका डांस देखने के लिए जुटे रईशदाजे दिल खोलकर रुपया लुटाते हैं। कई बार मंच तक पहुंचने को लेकर इनके बीच मारपीट तक हो जाती है।
मंगलवार को मूरतगंज के ही प्रखर ने इसकी शिकायत ट्वीटर पर डीजीपी से की है। उसने बकायदा बीडीओ भी पोस्ट किया है। मामले में कौशाम्बी एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के बजाए कुछ और हो रहा है तो यह गंभीर बात है। इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।