मुरादपुर में ठंड से किसान की मौत, कोहराम
चायल (ब्यूरो)। इलाके के मुरादपुर गांव में रहने वाले एक किसान की गुरुवार रात ठंड लगने से मौत हो गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घर के मुखिया की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
चायल तहसील क्षेत्र के मुरादपुर गांव का लल्लू प्रसाद (65) पुत्र बिन्देश्वरी किसानी करता था। गुरुवार शाम वह खेत गया था। लौटकर घर आया तो सीने में तेज दर्द होने लगा। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसको लेकर पास के निजी अस्पताल गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
------------------
बाइक से गिरकर युवक घायल
मंझनपुर (ब्यूरो)। पश्चिमशरीरा के पूरबशरीरा गांव का कमलेश कुमार पुत्र बबलू गुरुवार रात बाइक से दावत खाने गया था। लौटते वक्त पश्चिमशरीरा चौराहे के समीप अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गया। हादसा देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने आननफानन में युवक को जिला अस्पताल भेजवाया। खबर पाकर परिवार वाले भी आ गए थे।
---------------
बाइक की टक्कर से छात्रा घायल
मंझनपुर (ब्यूरो)। नगर कोतवाली के ननिहावां का पूरा गांव की मोनी पुत्री रामसुख कक्षा तीन की छात्रा है। गुरुवार सुबह वह साइकिल से स्कूल उदिहिन जा रही थी। उदिहिन गांव के समीप ही पीछे से आए बाइक सवार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। ठोकर लगते ही छात्रा गिरकर लहूलुहान हो गई। हादसा देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने आननफानन में इमरजेंसी वाहन से छात्रा को जिला अस्पताल भेजवाया और परिजनों को खबर की। सूचना पाकर परिवार वाले अस्पताल आ गए थे।
------------
ससुरालियों पर पीटकर लूटने का लगाया आरोप
मंझनपुर (ब्यूरो)। कोखराज के बलिहावां गांव निवासी धर्मवीर पुत्र स्व. बुद्दन की ससुराल चरवा के मिरकुंडी में है। धर्मवीर की मानें तो उसकी पत्नी इन दिनों मायके में है। बुधवार की शाम वह पत्नी से मिलने गया था। आरोप है कि लौटते वक्त महगांव पुलिया के समीप ससुरालियों ने रोककर उसकी पिटाई की। इसके बाद जेब में रखा आठ सौ रुपया लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की चीखें सुन ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस बीच पुलिस वाले भी आ गए। पुलिस ने युवक को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल उसने किसी के खिलाफ नामजद तहरीर नहीं दी है। कोतवाल भाष्कर मिश्रा का कहना है कि युवक का पत्नी से विवाद चल रहा है। आरोप बेबुनियाद हैं। वह पेड़ से टकराकर जख्मी हुआ था।