ग्रामीणों ने चोर को दबोच कर पीटा
-भट्ठा मजदूरों का गिरोह दे रहा चोरी की वारदातों को अंजाम
-आरोपी युवक को हिरासत में लेते हुए फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
चायल(कौशाम्बी)। पिपरी के मेड़वारा गांव में बुधवार रात चोरी की नियत से घुसे एक युवक को परिजनों ने दबोच लिया। जब कि उसके अन्य साथी भागने में सफल रहे। पकड़े गए चोर को पीटते हुए ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी युवक को हिरासत में लेते हुए पुलिस फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
पिपरी इलाके के ईट भट्ठे में मजदूरी करने वाले युवक इन दिनों इलाके में चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दे रहे है। मेड़वारा गांव निवासी नसीम अहमद पुत्र अनीस अहमद बुधवार की रात परिवार के साथ बरामदे में सो रहा था। आधी रात युवक दीवार फांदकर घर के भीतर पहुंचा तो परिजनों में जगहट हो गई। शोर मचाते हुए ग्रामीणों को इकट्ठा कर परिजनों ने युवक को धर दबोचा। युवक की पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेते हुए कर्रा किया तो उसने चोरी का राज खोला। बताया कि वह ईट भट्ठे का मजदूर है। साथियों के साथ चोरी करने की नियत से घर में घुसा था। पकड़ा गया युवक अजय कुमार निवासी कर्मीकोटा झारखंड बताया गया है। आरोपी युवक को हिरासत में लेते हुए पुलिस फरार अन्य युवकों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठे के मजदूरों का गिरोह इन दिनों इलाके में चोरी की छोटी मोटी घटनाओं को भी अंजाम दे रहा है।