बेकाबू पिकअप ने भट्ठा मजदूर को रौंदा, परीक्षार्थियों समेत तीन घायल
नगर कोतवाली के निजामपुर नौगीरा, व चायल क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसे
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/चायल। अलग-अलग सड़क हादसों में बुधवार की सुबह एक भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। जबकि बोर्ड परीक्षार्थी समेत तीन लोग घायल हो गए। इलाकाई पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
महेवाघाट कोतवाली के शाहपुर मुबारकपुर निवासी राहुल (20) पुत्र भारत ईंट-भट्ठा में मजदूरी कर परिवार का गुजारा था। निजामपुर नौगीरा स्थित भट्ठे में मजदूरी करता था। बुधवार की सुबह वह एक ट्रैक्टर में ईंटें लोड करने के बाद सड़क किनारे लगे हैंडपंप में हाथ-पैर धोने गया था। इस दौरान नारा की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप उसे कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देकर भाग रहे पिकअप का एक्सल टूट जाने पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर वाहन को कब्जे में ले लिया। उधर, मौत की मनहूस खबर मिलते ही राहुल के परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राहुल छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। जवान बेटे की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इसी तरह से पिपरी कोतवाली के नईम मियां के पूरा का रहने वाला ज्ञान दास पुत्र जग्गा चायल स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता है। बुधवार की सुबह ज्ञानदास अपने घर से भट्ठा जा रहा था। गांव के बाहर सड़क पर पहुंचते ही मनौरी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ज्ञानदास को ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चायल पहुुंचाया। वहीं पिपरी के चायल कस्बा के रहने वाले शादाब पुत्र ऐनुलहक और मो. अस्लम पुत्र जावेद हाई स्कूल के छात्र हैं। बुधवार की सुबह सात बजे दोनों मनौरी स्थित परीक्षा केंद्र में इम्तहान देने जा रहे थे। चायल कस्बे के बाहर स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों छात्र जख्मी हो गए। आसपास रहे लोगों ने घायल छात्रों को उठाकर चायल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।