दुष्कर्मी को पकड़ने के लिए पुलिस मांगती है गाड़ी
40 हजार रुपये रिश्वत लेकर पुलिस ने छोड़ा मुल्जिम
पीड़ित महिला ने एडीजी प्रयागराज से की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। बलात्कार के आरोपी को पकड़ने के लिए भरवारी चौकी पुलिस ने पीड़ित महिला से ही प्राइवेट वाहन बुक कराया। महिला का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया लेकिन 40 हजार रुपये रिश्वत लेकर छोड़ दिया। पुलिस कर्मियों की शिकायत एसपी प्रदीप गुप्ता के अलावा एडीजी प्रयागराज से भी की गई है।
कोखराज कोतवाली इलाके की एक विवाहिता के साथ कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव ने दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और गाली-गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। महिला का कहना है कि उसका कोर्ट में कलमबंद बयान हो चुका है। पांच दिसंबर को भरवारी पुलिस चौकी के स्टाफ ने मुल्जिम की गिरफ्तारी के लिए चार पहिया वाहन की मांग की। महिला ने 14 सौ रुपये में चार पहिया वाहन बुक करके पुलिस कर्मियों को दिया। आरोप है कि पुलिस कर्मी आरोपी को गिरफ्तार करके चौकी लाए। यहां पर एक दलाल के जरिए 40 हजार में सौदा तय हुआ। पुलिस ने पैसा लेने के बाद आरोपी को चौकी से छोड़ दिया। महिला का यह भी कहना है कि आरोपी उसका अपहरण कर जान से मारने की धमकी दे रहा है। धमकी की वजह से उसका परिवार सहमा हुआ है।
---
यह था मामला
मंझनपुर। महिला ने बताया कि वह बीमार रहती थी। दो साल पहले वह पति के साथ गंगा स्नान करने गई थी तभी वहां पर आरोपी मिला। उसने तंत्र के जरिए ठीक करने की बात कही। इस पर महिला अपने पति के साथ कई बार पूजा के लिए आरोपी के घर गई। 28 अगस्त को आरोपी अपने साथी के साथ घर आया। बरसात होने का बहाना बनाकर रात में रुका और रात में पानी के बहाने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर तंत्र के सहारे उसके बेटे को मरवा देने की धमकी दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
मामला संज्ञान में है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। चौकी पुलिस की भूमिका अगर प्रकाश में आई तो कार्रवाई की जाएगी।
प्रदीप गुप्ता, एसपी कौशाम्बी
---