कोखराज कोतवाली क्षेत्र के राला विद्युत उपकेन्द्र में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में 155 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। अवर अभियंता की तहरीर पर रिपोर्ट लिखने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राला विद्युत उपकेन्द्र में 20 जुलाई को बिजली नहीं मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। तोड़फोड़ करने के साथ सरकारी कर्मचारियों से हाथापाई भी की गई थी। स्थिति इतनी ज्यादा बिगड़ गई थी कि पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। मामले में अवर अभियंता ज्ञान बहादुर मौर्य ने उसी रोज आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। जांच के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी मुजाहिद हुसैन, सोनू, अरविंद, ताहिर, साजिद व 150 अन्य अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
मामले में कोखराज इंस्पेक्टर योगेन्द्र प्रताप सिंह का कहना है कि दोषियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल, कोई भी पकड़ा नहीं जा सका है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस अज्ञात आरोपियों को भी चिह्नित कर रही है।