टॉवर गार्ड को बंधक बना बदमाशों ने की लूटपाट
-शनिवार रात पश्चिमशरीरा इलाके में हुई घटना, बैटरी बैंक किया गायब
अमर उजाला ब्यूरो
पश्चिमशरीरा (कौशाम्बी)। कस्बे के चांदेराई मोड़ के समीप स्थित मोबाइल टॉवर के गार्ड को बंधक बना बदमाश बैट्री बैंक उठा ले गए। देर रात गार्ड ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल करते हुए सीओ ने पश्चिमशरीरा एसओ को बदमाशों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है।
पूरबशरीरा गांव निवासी पप्पू सिंह चांदेराई स्थित मोबाइल टॉवर में गार्ड है। बताया कि शनिवार रात वह टॉवर में सो रहा था। रात करीब दो बजे आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश पहुंचे और तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद उसे चारपाई में ही बांध दिया। इसके बाद आलमारी को काटकर बैट्री बैंक उठा ले गए। वारदात अंजाम देने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पप्पूृ सिंह ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। टॉवर में लूटपाट की जानकारी होते ही सीओ सिटी मुईन अहमद पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच पड़ताल करते हुए पीड़ित गार्ड की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ ने पश्चिमशरीरा एसओ को घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया है।
फंदे से लटक युवक ने दी जान
-घरेलू कलह से आजिज आकर आत्मघाती कदम उठाए जाने की चर्चा, कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
नेवादा (कौशाम्बी)। सरायअकिल के बेरुई गांव में रविवार दोपहर एक युवक फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। चर्चा है कि घरेलू कलह से आजिज आकर युवक ने खुदकुशी की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के बेरुई गांव निवासी झंगई लाल (25) पुत्र कुली चंद्र किसान था। रविवार सुबह परिजनों के खेत जाने के बाद युवक फंदे से लटककर जान दे दी। दोपहर में घर के लोग लौटे तो युवक की लाश देख सन्न रह गए। पड़ोसी युवक के मौत की खबर सुनते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। चर्चा है कि युवक ने घरेलू कलह से आजिज आकर आत्मघाती कदम उठाया। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि युवक की शादी साल भर पहले हुई थी। इधर कुछ दिनों से वह गुमसुम रहता था। युवक के आत्मघाती कदम उठाए जाने के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।