रियाज इंटर कालेज उखैया खास ने स्कूल बंक कर फेसबुक पर दिनभर चैटिंग करने वाले हाईस्कूल के तीन छात्रों को स्कूल से निकाल दिया है। नाम कटने के बाद गुरुवार को दो छात्र परिजनों को बिना बताए मुंबई भाग निकले।। मोबाइल पर इसकी जानकारी उन्होंने परिजनों को खुद ही दी है। एक छात्र के पिता ने करारी थाने में कस्बे के ही एक युवक के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है।
करारी के अशोक नगर निवासी आनंद किशोर चौरसिया पुत्र हरिश्चंद्र , रशीद पुत्र नसीम खान और कृष्णा नगर निवासी तनय उर्फ राजा पुत्र अजय कुमार रियाज इंटर कालेज उखैयाखास में हाईस्कूल में कक्षा नौ में पढ़ते हैं। बताया जाता है कि तीनों छात्रों को परिजनों ने मोबाइल दे रखा था। ये स्कूल के लिए घर से निकलते थे, लेकिन बाग में दिनभर बैठकर फेसबुक पर चैटिंग करते थे। बताया जाता है कि नवंबर में दो छात्र 14 दिन और दिसंबर में 21 दिन गायब थे। एक छात्र चार दिन नदारद था। प्रधानाचार्य कमलेश कुमार अग्रहरि ने जांच कराई तो पता चला कि छात्र घर से आते तो हैं, लेकिन फेसबुक पर दिनभर चैटिंग करते रहते हैं। इसकी जानकारी होते ही प्रधानाचार्य ने गुरुवार को इनका नाम काट दिया। इसकी जानकारी छात्रों को हुई तो उनके होश उड़ गए। तनय ने अपने पिता को नाम कटने की जानकारी दी, लेकिन आनन्द किशोर व रशीद ने घर वालों को सूचना देने के बजाय शाम को घर से कपड़े लेकर मुंबई भाग निकले। इसकी जानकारी उन्होंने देर शाम खुद अपने मोबाइल से दी। उनके साथ सोनारन टोला में रहने वाला एक युवक भी मुंबई गया है। रशीद के पिता ने इसके खिलाफ करारी थाने की पुलिस को बेटे के अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई आशीष यादव का कहना है कि दोनों छात्र अपनी मर्जी से गए हैं। इनसे लगातार बातचीत हो रही है।
फेसबुक के लिए स्कूल बंक करने के आरोप में कालेज से निकाले गए छात्रों में तनय पुत्र अजय कुमार का नाम था। अजय कुमार ने इस संबंध में प्रधानाचार्य कमलेश कुमार अग्रहरि से बातचीत की थी। तनय की कुल चार दिन ही गैरहाजिरी ही थी। इस पर उसका नाम दोबारा कालेज प्रशासन ने लिख लिया है। पिता ने कालेज प्रशासन को आश्वासन दिया है कि यदि दोबारा तनय से गलती होती है तो वह किसी भी तरह की कार्रवाई कर सकते हैं।