सदर कोतवाली के सेलरहा गांव में स्कीपर कंपनी का स्टोर है। शुक्रवार रात आधा दर्जन बदमाशों ने स्टोर में धावा बोला और जमकर लूटपाट की। स्टोर के कर्मचारियों को बंधक बना उनके रुपये, मोबाइल आदि लूटकर भाग निकले। बदमाश कंपनी के अभिलेख भी साथ लेते गए। असिस्टेंट मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चार दिन के भीतर कंपनी के स्टोर में लूट की यह दूसरी घटना है। बदमाश कादीपुर मेला बाग स्टोर से 16 लाख का विद्युत तार लूट चुके हैं।
बता दें कि यह कंपनी जिले में चौर सौ केवीए की नई विद्युत लाइन बनाने का काम कर रही है। विद्युत लाइन बनाने के लिए कंपनी ने सदर कोतवाली के सेलरहा गांव व कादीपुर मेला बाग के समीप स्टोर बना रखा है। यहीं से विद्युत लाइन बनाने के लिए सामान की सप्लाई होती है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे आधा दर्जन बदमाशों ने सेलरहा के स्टोर में धावा बोल दिया। स्टोर में पांच दिहाड़ी कर्मचारी बिहार के थे। कर्मचारी परिवार समेत स्टोर में रहते हैं। बदमाशों ने तमंचे के बल पर इनको बंधक बनाया। इसके बाद जमकर लूटपाट की।
मजदूरों से आठ हजार रुपये नगद समेत उनका तीन मोबाइल लूट लिया। इसके अलावा विद्युत विभाग के तमाम अभिलेख भी लूटकर भाग निकले। विरोध करने पर बदमाशाें ने कर्मचारियों को मारापीटा भी।
बदमाशों के भागने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया तो गांव के लोग पहुंचे। सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी होने पर स्कीपर कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर चंदन शर्मा मौके पर पहुंचे। पूछताछ के बाद उन्होंने लूट की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उल्लेखनीय है कि बुधवार रात बदमाश इसी कंपनी के कादीपुर मेला बाग स्थित स्टोर के गार्डों को बंधक बनाकर 16 लाख का विद्युत तार लूट ले गए थे। इसकी भी रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज है। लूट की बड़ी वारदात होने के बाद पुलिस सक्रिय नहीं हुई। इसका परिणाम रहा कि कंपनी के दूसरे स्टोर को बदमाशों ने निशाना बनाया।