सरायअकिल के एक गांव की एक किशोरी का सौदा मंगलवार को उसके मां-बाप ने 25 हजार रुपये में कर दिया। पुलिस ने आरोपी दंपति सहित सात लोगों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
सरायअकिल एसओ हेमंत मिश्र ने बताया कि एक नाबालिग लड़की को उसके पिता और मां ने अकोला (आगरा) के एक व्यक्ति को बेच दिया था।
इसकी जानकारी पर पुलिस सक्रिय हो गई। मंगलवार शाम लड़की को लेकर जाते वक्त घेराबंदी करके फकीराबाद चौराहे के समीप से आरोपी दंपति, खरीदार और उसके साथ आए परिवार के ही करीब तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया। कोतवाली में इन सभी से पूछताछ की जा रही है। एसओ के मुताबिक अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है। पूछताछ करके मानव तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना का नाम-पता जानने की कोशिश की जा रही है। उसे भी पकड़ा जाएगा। इसके बाद केस दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।