कोखराज थाना क्षेत्र के सैंता गांव में सोमवार रात एक गर्भवती की मौत हो गई। रात अचानक तबियत बिगड़ने पर घरवालों ने उसे स्थानीय एक झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। चर्चा है कि चिकित्सक की इलाज में बरती गई लापरवाही से विवाहिता की मौत हुई है।
कोखराज थाना क्षेत्र के सैंता गांव निवासी जयसिंह भट्ठे में मजदूरी करता है। घर में पत्नी भानमति (26) रहती है। बताया जा रहा है कि वह इन दिनों गर्भवती थी। साथ ही आए दिन उसकी तबीयत भी खराब रहती थी। इलाज गांव के ही एक झोलाछाप चिकित्सक से कराया जा रहा था। सोमवार रात अचानक वह तेज बुखार से तपने लगी। लोग उसे उसी क्लीनिक में ले गए। आरोप है कि चिकित्सक ने उसे ड्रिप चढ़ा दिया। इसके कुछ देर बाद ही विवाहिता की सांस थम गई। लोगों ने मृतका के पति को जानकारी दी। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।