सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी का विरोध करना बड़ी बहन को महंगा पड़ गया। आरोपियों ने उसकी लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। जानकारी होने पर पीड़िता का भाई तहरीर लेकर थाने पहुंचा। पुलिस प्राथमिकी नहीं दर्ज की। पीड़ित ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़िता के भाई ने आरोप लगाया कि पड़ोस का एक युवक उसकी छोटी बहन से छेड़खानी करता है। बुधवार सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर में घुस गया और बहन का हाथ पकड़कर खींचने लगा। इस पर घर में मौजूद बड़ी बहन ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट करने लगा। शोर सुनकर आरोपी के घर वाले लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और बड़ी बहन की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद पीड़िता भाई के साथ तहरीर लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने प्राथमिकी तक नहीं दर्ज किया। पीड़िता का भाई पुलिस अधीक्षक वीके मिश्र से मिला। एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन पीड़ित को दिया है।