कल्यानपुर। सैनी कोतवाली क्षेत्र के महेशपुर गनपा गांव के समीप सोमवार सुबह एक किसान ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इससे उसके चीथड़े उड़ गए। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
महेशपुर गनपा निवासी गोरेलाल (35) पुत्र गणेश खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। परिजनों के मुताबिक पत्नी से आए दिन उसका झगड़ा हुआ करता था। रविवार रात भी कहासुनी हुई। इसके बाद सोमवार सुबह गांव के बाहर रेलवे लाइन पर जाकर गोरेलाल ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में सैनी कोतवाली प्रभारी ज्योति कुमार का कहना है कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।