सिहोरी धाता गांव में ब्याही एक युवती पर ससुरालियों ने बाइक-नगदी के लिए जमकर कहर बरपाया। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की पिटाई करते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता की तहरीर पर महेवाघाट पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
महेवाघाट थाना क्षेत्र के हिनौता गांव की रहने वाली आशा देवी पुत्री बच्चा लाल की शादी करीब दो साल पहले धाता थाना क्षेत्र के सिहारी पट्टी गांव के अशोक कुमार से हुई थी। विवाहिता ने बताया कि शादी के कुछ दिन बीतने के बाद से ही ससुराली मायके वालों से पल्सर बाइक और दो लाख रुपये नगदी लाने की मांग करने लगे थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। विवाहिता दहेजलोभी ससुरालियों का जुल्म सहन करती रही। लेकिन पखवारे भर पहले उसकी बेरहमी से पिटाई करते हुए घर से निकाल दिया। मायके पहुंची पीड़िता ने आपबीती परिजनों को बताई। दोनों परिवारों के बीच पखवारे भर तक बिरादरी की पंचायत होती रही। बताया जाता है कि कि ससुराली बिना बाइक और नगदी के युवती को ले जाने के लिए राजी नहीं हुए। बात नहीं बनी तो मंगलवार को पिता के साथ महेवाघाट थाने पहुंची पीड़िता ने तहरीर दी। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति अशोक कुमार, ससुर हरीमोहन समेत पांच पर एफआईआर दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है।