क्षेत्र की एक युवती भाभी के सगे भाई को ही दिल दे बैठी। तीन दिन पहले युगल घर से फरार हो गए। बरामदगी के बाद शुक्रवार को कोतवाली में पंचायत हुई। अंत में दोनों ने सात फेरे ले लिए। उनके निर्णय से परिवार वाले भी खुश हैं।
कड़ा कोतवाली क्षेत्र के नासिरपुर फरीदगंज की सीमा पुत्री रमेश के भाई का विवाह अभी महीने भर पहले पड़ोसी गांव हब्बूनगर सिपाह में हुआ है। बताया जाता है कि सीमा की भाभी के भाई रोहित से आंखें चार हो गईं। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर पहरा लगाना शुरू कर दिया। लड़की को फटकारने के साथ उसका मोबाइल भी छीन लिया। इन्हीं बंदिशों से तंग युगल तीन दिन पहले घर से फरार हो गए। युवती के पिता ने उसी रोज युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी। पुलिस ने लड़के के परिजनों पर दबाव बनाकर युगल को बरामद कर लिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह कोतवाली में पंचायत हुई। प्रेम दीवाने किसी भी सूरत पर जुदा होने को तैयार नहीं हुए। अंत में उनका विवाह करा दिया गया। कड़ा कोतवाल अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष शादी के फैसले से सहमत हैं।