बबलू और शबाना ने हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में रचाई शादी।
- फोटो : अमर उजाला।
आखिरकार बबलू व शबाना को उनकी मोहब्बत का मुकाम मिल ही गया। चार साल से एक-दूसरे पर जान छिड़कने वाले जोड़े के मिलन पर मजहबी दीवार रोड़ा बन रही थी। लड़की के घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने युगल को हिरासत में लिया तो खुद युवती ने अपने बालिग होने का प्रमाण पत्र देकर रजामंदी से शादी करने की बात कही। शुक्रवार शाम करारी कोतवाली स्थित बजरंगबली के मंदिर में बबलू व शबाना ने हिंदू धर्म के मुताबिक सात फेरे लिए और सात जन्मों तक एक दूजे का साथ निभाने के लिए संकल्प लिया।
करारी कोतवाली क्षेत्र के थांबा अलावलपुर गांव का बबलू पूरामुफ़्ती क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा पर काम करता है। इसी भट्ठा पर महोबा जिले के पठा रोड की शबाना भी अपने भाई- भाभी के साथ काम करती थी। साथ में काम करने के दौरान बबलू व शबाना एक-दूसरे को दिल दे बैठे। चार साल पहले दोनों ने साथ जीने मरने की सौगंध खाई। दोनों के रिश्ते के बाबत जब लड़की के घरवालों को पता चला तो मजहब सामने आ गया।