घटना की जानकारी पर इंस्पेक्टर महेश चंद्र भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त विवेक के रूप में हुई। विवेक की आंख व जीभ बाहर की तरफ निकली थी। इससे अंदेशा जाहिर किया गया कि मासूम की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव कुएं में लाकर फेंका गया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। घटना हादसा लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
विवेक की हत्या के बाद परिजनों ने साधी चुप्पी
विवेक का शव देखने से साफ लग रहा था कि उसकी हत्या के बाद शव कुएं में फेंका गया है। इसके बाद भी घरवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। घटना के बाद से मृतक की मां व उसके मायकेवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालात पर गौर करें तो जिस कुएं के अंदर विवेक का शव मिला, उसके चबूतरे की ही ऊंचाई तीन फिट के करीब थी। इसके अलावा कुएं में मुंडेर भी थी। कुएं में कुछ लोगों ने पानी के लिए पंप की मोटर डाल रखी है। रोजाना सुबह-शाम लोग मोटर चलाकर पानी निकालने जाते हैं। ऐसे में विवेक का घटना के तीन दिन बाद कुएं में उतराया हुआ शव देखा जाना चर्चा का विषय है।