कौशाम्बी ब्लॉक के कनैली गांव में करीब एक करोड़ की लागत से बनवाए गए न्यू पीएचसी को चिकित्सकों की दरकार है। भवन विभाग को हैंडओवर न होने के कारण अस्पताल में मरीजों का इलाज नहीं शुरू हो सका है।
कनैली गांव का अस्पताल भवन जर्जर हो चुका है। इसे देखते हुए वित्तीय वर्ष 2010-11 में एक करोड़ आठ लाख की लागत से न्यू पीएचसी का निर्माण कराया गया। भवन निर्माण पूरा हुआ तो ठेकेदार ने भवन को हैंडओवर करने के लिए तत्कालीन सीएमओ और ग्राम प्रधान पर दबाव बनाया, लेकिन ग्राम प्रधान ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए साफ इनकार कर दिया। इसके बाद भवन की खिड़कियों, दरवाजों को अराजकतत्व उखाड़ ले गए। न्यू पीएचसी भवन विभाग को हैंडओवर न हो पाने के कारण चिकित्सकों की भी तैनाती नहीं हो सकी। दूसरी ओर गांव के जर्जर भवन से ही अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। अस्पताल में चिकित्सकों की तैनाती को लेकर महकमे के जिम्मेदार कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय का कहना है कि भवन निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अड़चन है। इसके चलते अस्पताल का संचालन शुरू नहीं कराया जा सका है।