चरवा स्थित हरिराम कृष्णा महाविद्यालय में बिना अनुमति के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कराना कॉलेज प्रबंधक को महंगा पड़ गया। आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए गठित टीम के सेक्टर मजिस्ट्रेट ने प्रबंधक के खिलाफ चरवा कोतवाली में केस दर्ज कराया है।
सम्मेलन में चायल विधायक संजय गुप्ता के भी शामिल होने की चर्चा रही। हालांकि, तहरीर में विधायक का नाम नहीं था। फिलहाल, चरवा पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन कर रही है।
हरिराम कृष्णा महाविद्यालय में 19 जनवरी को प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन कराया गया था। सम्मेलन में 50 से ज्यादा लोगों ने शिरकत की थी। चर्चा रही कि विधायक चायल संजय गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
इस मामले की जानकारी किसी ने मामले की जानकारी एसडीएम चायल को दी। एसडीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को निगरानी में लगे सेक्टर मजिस्ट्रेट इंद्रजीत यादव ने अपनी टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की।
जांच में शिकायत सच साबित हुई। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने कॉलेज के प्रबंधक देवेंद्र पांडेय उर्फ मिक्की पांडेय के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कराया है। चरवा इंस्पेक्टर संतोष शर्मा का कहना है कि तहरीर में विधायक का नाम नहीं था। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।