भरवारी नगर पंचायत के सफाईकर्मियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष व ईओ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पगार मांगने पर उन्हें धमकी दी जा रही है। डीएम से शिकायत करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें जल्द से जल्द दिहाड़ी दिलाई जाए, वह भूखमरी के कगार पर आ गए हैं।
भरवारी नगर पंचायत में विनोद कुमार, जितेंद्र कुमार, कुलदीप, राम प्रसाद, गनेश, रानू, शिवलखन, दिनेश कुमार, अनिल कुमार, चंदन, रामबहादुर समेत एक दर्जन सफाई कर्मचारी तैनात हैं। इन कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पगार नहीं दी जा रही है। बकरीद बाद दिहाड़ी देने का वायदा नगर पंचायत अध्यक्ष संजय गुप्ता व ईओ ने किया था। इसके बाद भी उनको पगार नही दी गई। इसे वह परेशान हैं। वह जब-जब कार्यालय जाते हैं तो उनको धमकी दी जाती है।
नगर पंचायत का एक कर्मचारी जो अध्यक्ष का खास कहा जाता है, वह मारपीट पर उतारू हो जाता है। बताया कि वह दस साल से नगर पंचायत में काम कर रहा है। ज्यादा जोर देने पर धमकी दी जाती है कि कार्यमुक्त करके घर बिठा दिया जाएगा। कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि उन्हें 24 घंटे के अंदर भुगतान न किया गया तो वह नगर पंचायत कार्यालय में धरने पर बैठ जाएंगे। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।