कलक्ट्रेट में एडीएम को ज्ञापन देने के बाद बाहर खड़े पीएमश्री विद्यालय पवइया के बच्चे। संवाद
सदर ब्लॉक के पीएमश्री विद्यालय पवइया में तैनात शिक्षक हीरालाल एम कैथल को निलंबित कर दिया गया है। विद्यालय के बच्चों का बालू ढोने का वीडियो वायरल होने के बाद यह कार्रवाई हुई है। सोमवार को बच्चों ने एडीएम ओम प्रकाश को ज्ञापन देकर बताया कि बालू ढोने को लेकर उनपर कोई आरोप नहीं है। उसके बाद भी कार्रवाई कर उनको विद्यालय से हटाना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने दोबारा विद्यालय में शिक्षक की तैनाती की मांग की है।
पीएमश्री विद्यालय पवइया के बच्चे नीरज, लालमन, शबनम, अंशिका, गीता, काजल, मोनी देवी, अन्नू देवी व उनके अभिभावक समेत करीब 30 लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। उन्होंने कहा कि स्कूल के शिक्षक के साथ गलत तरीके से कार्रवाई की गई है, जिसका सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ रहा है।
सहायक अध्यापक हीरालाल एम कैथल ने विद्यालय में खेलकूद को नई दिशा दी। उनके नियमित प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि विद्यालय के कई बच्चे खो-खो, कबड्डी, हैंडबॉल और ताइक्वांडो जैसे खेलों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। छात्रों का दावा है कि कुछ बच्चे अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भी चयनित हुए हैं। एडीएम ने प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।