चोरों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया विद्युत ट्रांसफाॅर्मर। संवाद
सिराथू। क्षेत्र के जानकीपुर गांव के समीप रविवार रात 11 हजार लाइन ब्लास्ट कर चोरों ने ढाई सौ केवीए के ट्रांसफाॅर्मर से तेल व अन्य उपकरण पार कर दिए। इससे करीब ढाई सौ घरों की 18 घंटे तक बिजली गुल रही। प्रभावित लोगों को पेयजल सहित अन्य समस्याओं से जूझना पड़ा। दूसरा ट्रांसफाॅर्मर लगाकर सोमवार की शाम करीब छह बजे आपूर्ति शुरू हुई।
जानकीपुर गांव के समीप धाता मार्ग के किनारे लगे सिराथू विद्युत उपखंड क्षेत्र के टाउन फीडर के ट्रांसफाॅर्मर को चोरों ने आपूर्ति बंद कर रात करीब 12 बजे नीचे गिरा दिया। इसके बाद कटर मशीन से काटकर 200 लीटर तेल, बुश सहित अन्य उपकरण उठा ले गए। इससे जानकीपुर व गुलहरिया वार्ड के ढाई सौ घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर इसकी जानकारी एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों को दी। अवर अभियंता आशीष कुमार मौर्य ने इस प्रकरण से पुलिस को अवगत कराया। एसडीओ रमाशंकर पाल ने बताया कि चोर करीब पांच लाख रुपये के सामान उड़ा ले गए। इसकी तहरीर सैनी पुलिस को देकर विभाग के उच्चाधिकारियों को भी जानकारी दे दी गई है।