ओपीडी में बच्चे की जांच करते डॉ. विश्व प्रकाश। संवाद
मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव का असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है। सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी के कारण बच्चे सर्दी-जुकाम, सूखी खांसी और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग स्थित बाल रोग विभाग की ओपीडी में कुल 153 मरीज इलाज कराने पहुंचे।
इनमें 50 से 60 बच्चे सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत से पीड़ित थे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विश्व प्रकाश ने बच्चों की जांच कर उन्हें दवाएं दीं। साथ ही अभिभावकों को बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। दिन और रात के तापमान में अंतर के कारण बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी-जुकाम और खांसी की शिकायत होने पर अभिभावक बच्चों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक बच्चों की जांच कर आवश्यक उपचार कर रहे हैं।
-वर्जन-
बदलते मौसम में बच्चों की सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए। सुबह और शाम ठंड से बचाने के लिए बच्चों को उचित गर्म कपड़े पहनाएं। उनके खानपान और साफ-सफाई का ध्यान रखें। बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी और पौष्टिक आहार दें। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं न दें। बच्चे को लगातार बुखार, सांस लेने में परेशानी या खांसी बढ़ने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। - डॉ. विश्व प्रकाश, बाल रोग विशेषज्ञ