सैनी कोतवाली के पास नेशनल हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर रविवार की भोर प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक के पीछे से घुस गई। हादसे में कार सवार हरियाणा के छह श्रद्धालु जख्मी हो गए। पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी सिराथू पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर के लिए भेजा है। इनमें एक महिला की हालत नाजुक है।
हरियाणा के फरीदाबाद दबवा कालोनी निवासी संजीव दूबे (38) परिवार के साथ कार से प्रयागराज महाकुंभ से रविवार को घर जाने को निकले थे। इस दौरान भोर में करीब साढ़े चार बजे सैनी चौराहा स्थित नेशनल हाईवे के फ्लाईओवर पर इनकी तेज रफ्तार कार आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में संजीव दुबे (30), पत्नी सावित्री (28), पिता शशिभूषण दूबे (65), मां सुषमा देवी (62) वर्ष , पुत्र अभिनंदन (05), पुत्री तान्या (05)व बेटा तन्मय (07) समेत सभी छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर जाम लग गया।
सूचना पर पुलिस ने सभी को एंबुलेंस की मदद से सिराथू अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहीं, सुषमा देवी को प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया।
अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी टैक्सी, चालक जख्मी
सैनी कोतवाली के त्रिलोकपुर गांव के समीप रविवार रात नेशनल हाईवे पर गड्ढे में टैक्सी पलटने से चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कोखराज कोतवाली के अहिरारा गांव निवासी आशीष पटेल टैक्सी चालक है। रविवार रात वह अजुहा से सवारियों को छोड़कर वापस लौट रहा था। त्रिलोकपुर गांव के समीप अचानक तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी टैक्सी चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।