पिपरी कोतवाली के मीरापुर गंधोई मजरा दुर्गापुर गांव के युवक के खाते से रविवार शाम साइबर अपराधी ने पेटीएम से 29 हजार रुपया पार कर दिए। मोबाइल पर रुपये निकालने का मैसेज देख युवक ने बैंक शाखा जाकर अपना खाता बंद कराया और तहरीर पुलिस को दी। मीरापुर गंधोई गांव निवासी पुनीत शुक्ला पुरखास विद्युत उपकेंद्र में संविदाकर्मी हैं।
उनके चचेरे भाई भोला शुक्ला ने ईंट-भठ्ठा खोल रखा है। पुनीत ने बताया कि रविवार शाम किसी साइबर शातिर ने उसके चचेरे भाई भोला शुक्ला से ईंट लेने की बातचीत की। सौदा तय होने के बाद आरोपी ने पेटीएम पर एक लाख रुपया भेजने की बात कही।
चूंकि उसके चचेरे भाई फोन पर पेटीएम का प्रयोग नहीं करते हैं, इसलिए उन्होंने उसका (पुनीत) नंबर देने की बात कही। आरोप है कि जैसे ही उसने अपना पेटीएम नंबर बातचीत करने वाले युवक को बताया। कुछ देर बाद ही उसके खाते से 29,393 रुपया कट गया।
मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज देख उसके होश उड़ गए। बैंक शाखा में फोन कर उसने अपना खाता बंद कराया और थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया। तहरीर लेकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।