कड़ाधाम ब्लॉक के टेड़ीमोड़-शहजादपुर चौराहे पर रोडवेज बसों के न रुकने से यात्रियों की दिक्कतें लगातार बढ़ रही हैं। फ्लाईओवर पर बसों के संचालन के बाद से सर्विस रोड से किसी भी डिपो की बस नहीं गुजरती जिससे लोगों को चौराहे से एक किलोमीटर दूर जाकर बस पकड़नी पड़ती है।
टेड़ीमोड़-शहजादपुर क्षेत्र नेशनल हाईवे के किनारे बसा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह स्थान आरके चौधरी के मंत्री रहते स्टॉप बनाया था। पहले यहां से रोडवेज बसें रुककर सवारियों को बैठाती थीं लेकिन फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने और सर्विस रोड पर कार्य बंद होने के बाद भी बसों ने पुरानी व्यवस्था बहाल नहीं की।
अब सभी बसें फ्लाईओवर से कानपुर-प्रयागराज की ओर निकल जाती हैं, जिससे नीचे बने स्टॉप का कोई उपयोग नहीं हो रहा।
बसों के ऊपर से निकल जाने के कारण यात्रियों को चौराहे से लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर हाईवे तक जाना पड़ता है। कई चालक सवारियों को अनदेखा करते हुए बस लेकर आगे निकल जाते हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कई डिपो की बसें गुजरती हैं। कभी-कभार कोई बस रुक जाए तो अलग बात है। वरना स्टॉप बने रहने का कोई मतलब नहीं। सर्विस रोड से बसें चलेंगी तो ही यात्रियों को सही सुविधा मिलेगी। - मोहम्मद ताहा, स्थानीय निवासी
रोज एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। खासकर रात में हाईवे पर उतार देना खतरनाक है। प्रशासन को सर्विस रोड से बसें चलाने का निर्देश देना चाहिए।-राम मिलन पटेल, यात्री
फ्लाईओवर निर्माण और ट्रैफिक प्रवाह को देखते हुए बसों का संचालन ऊपर से कराया जा रहा है। यात्रियों की समस्या महत्वपूर्ण है। संबंधित चौराहे पर बसों के ठहराव और सर्विस रोड से संचालन की संभावनाओं की जांच कराई जाएगी। यदि तकनीकी रूप से संभव हुआ तो बसों का रूट समायोजित कर स्टॉप को फिर सक्रिय किया जाएगा। - गंगा शंकर शर्मा मंझनपुर डिपो इंचार्ज
यात्री राममिलन पटेल