आधार कार्ड संशोधन कर लखनऊ से घर लौट रहे बीएससी के एक छात्र की मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय हादसे में मौत हो गई।
पइंसा थाना क्षेत्र के अनेठा गांव निवासी ननका सरोज का 20 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र सरोज बीएससी का छात्र था। वह चार भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार वीरेंद्र आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए एक दिन पहले लखनऊ गया था। वह शनिवार को वह ट्रेन से वापस लौट रहा था।मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर किसी सामान को खरीदने के लिए ट्रेन से नीचे उतरा। इसी दौरान उसने सामान लेकर लौटते समय चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
तत्काल सूचना पर एंबुलेंस पहुंची । उसे काला-काकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया। लेकिन ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस मामले में पइंसा कोतवाल चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई कर पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव को कड़ा गंगा घाट ले गए, जहां अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।