दारानगर में चेहल्लुम के जुलूस में मातम करते आजादर। संवाद
नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम में शनिवार को हजरत इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला की याद में चेहलुम का जुलूस पूरे अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और नौहाख्वानी, सीनाजनी व जंजीर के मातम के जरिये कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कटरा दारानगर में आयोजित मजलिस को शहीर अब्बास रालवी ने संबोधित किया। इसके बाद अंजुमन असदिया के साहिबे बयाज बाकर अली ने जुलूस बरामद कराया। जुलूस अपने पारंपरिक मार्ग से होते हुए सैय्यदवाड़ा दारानगर पहुंचा। रास्ते भर या हुसैन की सदाओं के बीच अकीदतमंद मातम करते रहे। अंजुमन अब्बासिया दांदूपुर (प्रयागराज), अंजुमन-ए-वारसी जेहितपुर (कौशाम्बी) और अंजुमन गुलामाने हुसैन अफजलपुर वारी ने नौहे और मातम पेश किए। वहीं अंजुमन असदिया ने जंजीर का मातम किया। सैय्यदवाड़ा में बनी हाशिम के 18 शबीहे ताबूत भी बरामद किए गए। कार्यक्रम के अंत में इमाम हुसैन की सत्य, न्याय, त्याग और इंसानियत के संदेश को याद करते हुए देश में अमन, भाईचारे और तरक्की के लिए विशेष दुआ की गई।