सैनी कोतवाली के रामपुर धमावां गांव में दो दिन से लापता मजदूर का सोमवार दोपहर घर के पीछे तलाब में उतराता मिला। घर वालों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने की आशंका जाहिर की है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
धमावां गांव निवासी 32 वर्षीय दिनेश पुत्र स्व. मोतीलाल ईट-भठ्ठे पर मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। भतीजे नीरज ने बताया 15 मार्च की दोपहर उसके चाचा दिनेश घर से बिना बताए निकल गए थे। घर वालों ने सोचा कि होली का त्योहार हैं, इसलिए कहीं घूम-टहल रहे हाेंगे। लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई। दो दिन बाद सोमवार दोपहर घर के पीछे स्थित तालाब में दिनेश का शव उतराता हुआ मिला।
परिजनों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार करवरिया ने बताया कि परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।