मंझनपुर। कलक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में बुधवार को विधानसभा चुनाव के संबंध में सुपरवाइजरों के साथ बैठक की गई। इस दौरान डीएम ने कार्य में लापरवाही मिलने पर एक बीएलओ को निलंबित व दो सुपरवाइजरों के साथ ही चायल के रजिस्ट्रार कानूनगो के खिलाफ चेतावनी पत्र जारी करने का निर्देश दिए। डीएम के तल्ख तेवर से अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
बैठक में डीएम सुजीत कुमार ने सभी सुपरवाइजरों से अब तक प्राप्त फार्म-06 व फार्म-07 आदि की जानकारी ली। निर्देशित किया कि वह अपने-अपने बीएलओ की सूची मोबाइल नंबर सहित अपने पास रखने के साथ ही सभी की नियमित निगरानी करते हुए प्रगति लाना सुनिश्चित करें। कहा कि हफ्ते भर बाद दोबारा बैठक की जाएगी। चेताया कि इसमें खराब प्रगति मिलने पर संबंधित सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया जाएगा। हिदायत दी कि किसी भी बीएलओ एवं सुपरवाइजर की ड्यूटी नहीं काटी जाएगी। उन्होंने पर्याप्त संख्या में फार्म सुपरवाइजरों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सुपरवाइजर ने बताया कि बीएलओ सुशील कुमार तिवारी (सहायक अध्यापक) ने मांगने के बावजूद फार्म नहीं दिया एवं कार्य में लापरवाही बरती है।
इस पर डीएम ने बीएसए को निर्देश दिया दो दिन के अंदर कार्य में प्रगति नहीं लाने पर सुशील कुमार को निलंबत कर दिया जाए। इसी तरह सुपरवाइजर ने बताया कि बीएलओ रीता सोनी (सहायक अध्यापिका) न तो फोन रिसीव करतीं हैं और न ही अब तक उन्होंने फार्म ही जमा किया है। कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए डीएम ने रीता सोनी को तत्काल निलंबित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि बीएलओ सारिका सोनकर (सहायक अध्यापिका) मेडिकल अवकाश पर हैं। इस पर डीएम ने सारिका सोनकर का मेडिकल चेक कराने, बीमारी की तस्दीक नहीं होने पर उन्हें भी निलंबत करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि बीएलओ कृष्ण प्रताप सिंह एवं लवलेश कुमार मिश्र द्वारा ठीक प्रकार से कार्य नहीं किया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी प्रकट करते हुए फोन पर वार्ता करने के निर्देश देते हुए कहा कि सही जवाब नहीं मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बैठक में बताया गया कि सोनाली गुप्ता एवं सारिया कमल द्वारा बीएलओ ड्यूटी का आदेश पत्र नहीं लिया जा रहा है, जिस पर डीएम ने बीएसए को दोनों से वार्ता कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्य में लापरवाही बरतने पर सुपरवाइजर ईश्वर शरण सिंह एवं प्रमोद कुमार मिश्रा और रजिस्ट्रार कानून-गो चायल को भी कड़ी चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम मनोज, चायल एवं सिराथू के एसडीएम समेत सभी संबंधित अधिकारी एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।