BJP leader beat youth and female colleague in front of police
मूरतगंज। कस्बे में शुक्रवार शाम एक भाजपा नेता ने अपने साथियों के साथ दबंगई दिखाई। नेता ने एक युवक व उसके साथ काम करने वाली युवती को बेरहमी से पीटा। इस दौरान वहां मौजूद पुलिस तमाशबीन बनी रही। बाद में पुलिस युवक व युवती को मूरतगंज चौकी ले गई। जहां से दोनों को घर भेज दिया।
मूरतगंज बाजार में शुक्रवार शाम एक युवक अपने साथ काम करने वाली युवती के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान असलहों से लैश भाजपा नेता वहां पहुंचा और दोनों को पीटने लगा। कस्बे में हो रही मारपीट की घटना से लोगों की खासी भीड़ लग गई। पास में स्थित मूरतगंज चौकी पुलिस भी आ गई। लोगों का कहना है कि इस दौरान पुलिस ने भाजपा नेता को रोकना भी मुनासिब नहीं समझा। मनमानी करने के बाद भाजपा नेता दोनों को धमकी देते हुए निकल गया। इसके बाद पुलिस युवक व युवती को मूरतगंज चौकी ले गई। दोनों से पूछताछ करने के बाद उन्हें छोड़ दिया। इस बाबत मूरतगंज चौकी प्रभारी सूबेदार विंद ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।