नामांकन के चौथे दिन गुरुवार को छह प्रत्याशियों ने अपना-अपना पर्चा दाखिल किया। जिले की तीनों सीट से भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन कर दिया है। सिराथू से लोकदल व चायल से भाजपा के बागी उम्मीदवार ने भी पर्चा भरा। भाजपा के प्रत्याशी जुलूस के साथ आए थे। नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉयट मैदान से मंझनपुर चौराहे तक नारेबाजी करते हुए गए। इस दौरान कई वाहनों से झंडे भी पुलिस ने उतरवाए। गुरुवार को सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था रही। प्रत्याशी व उनके प्रस्तावकों की तलाशी लेने के बाद ही उनको अंदर भेजा गया।
गुरुवार को कलक्ट्रेट में सबसे पहले सिराथू से लोकदल के प्रत्याशी शशिभूषण द्विवेदी ने नामांकन किया। शशिभूषण द्विवेदी भी समर्थकों के साथ बाइक जुलूस लेकर नामांकन स्थल पहुंचे थे। इसके बाद चायल सीट से भाजपा के बागी सुभाष केशरवानी ने अपना दल (कृष्णा गुट) से पर्चा दाखिल किया। इसके बाद भाजपा के चायल प्रत्याशी संजय गुप्ता, मंझनपुर के प्रत्याशी लाल बहादुर और सिराथू प्रत्याशी शीतला प्रसाद पटेल नामांकन करने के लिए एक साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। एआरओ कक्ष में तीनों ने अपने-अपने प्रस्तावकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। मंझनपुर सीट से निर्दल प्रत्याशी के रूप में विक्रम सिंह राजपासी ने नामांकन किया। नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी संजय गुप्ता, शीतला प्रसाद पटेल ने मंझनपुर चौराहे तक जुलूस निकाला। समर्थक नारेबाजी करते हुए गए। इससे पुलिस के कान खड़े हो गए। पुलिस के तमाम प्रयास के बाद भी भाजपा के वाहनों का काफिला चौराहे तक पहुंचा।