Bike riders ran away with the purse of a woman traveling in an auto
पूरामुफ्ती कोतवाली के सल्लाहपुर बाजार के समीप रविवार शाम ऑटो में सफर कर रही विवाहिता से अपाचे सवार बदमाश नकदी से भरा पर्स छीन कर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कराई, लेकिन बाइक सवार बदमाश का पता नहीं चल सका।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पूरामुफ्ती बाजार में रहने वाली अरुणा देवी पत्नी स्व. ओम प्रकाश रविवार देर शाम ऑटो में सवार होकर प्रयागराज जा रहीं थीं।
जैसे ही ऑटो सल्लाहपुर बाजार के पास पहुंचा तभी पीछे से आए अपाचे सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला का पर्स छीन लिया और गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर प्रयागराज की ओर भाग निकला। अरुणा के शोर मचाने पर ऑटो चालक ने गाड़ी रोक दी। मौके पर भारी भीड़ जुट गई। इस बीच स्थानीय लोगों की सूचना पर सल्लाहपुर चौकी पुलिस भी आ गई।
पुलिस ने नाकेबंदी कराई, लेकिन बदमाश का पता नहीं चल सका। पुलिस को दी तहरीर में अरुणा ने बताया कि पर्स में 22 हजार रुपये नकद और कीमती जेवरात थे। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।