Bhakiyu demonstrated against agricultural laws
- फोटो : KAUSHAMBI
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष नूरूल इस्लाम की अध्यक्षता में शनिवार को कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ चायल में प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम को समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। भाकियू ने नए कृषि कानूनों को किसानों के घातक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
तहसील अध्यक्ष चंदू तिवारी ने कहा कि चायल कस्बे में करोड़ों की लागत से तैयार की गई सीएचसी में आने जाने के लिए सुलभ रास्ता नहीं है। इससे आवागमन में मरीज और डॉक्टरों को परेशानी हो रही है।
किसानों ने इसके लिए चौड़ा और सुलभ रास्ता तैयार कराने की मांग की। इसके अलावा तहसील क्षेत्र में खोले गए धान क्रय केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने तथा बढ़े हुए बिजली और गैस के दामों को वापस लेने की मांग रखी। एसडीएम राजेश श्रीवास्तव को किसानों ने पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इस दौरान ननकू लाल शर्मा, लवकुश कोरी, मानसिंह, अवध नारायण, बिहारी लाल, काली प्रसाद, ब्रिज बिहारी आदि मौजूद रहे।