करारी। स्थानीय कस्बा स्थित रिजवी एजुकेशनल ट्रस्ट को सूबे के सर्वश्रेष्ट शिक्षण संस्थान का दर्जा दिया गया है। सामाजिक संस्था के सर्वे के बाद दिल्ली में ट्रस्ट सचिव को फिल्म अभिनेत्री ने प्रगति इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड देकर सम्मानित किया।
मंगलवार को डॉ. एएच रिजवी कॉलेज करारी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ट्रस्ट सचिव कर्रार हुसैन उर्फ राशिद रिजवी ने बताया कि एक सामाजिक संस्था ने राज्य स्तर पर सर्वे किया था। उसी के आधार पर रविवार को संस्था की ओर से उन्हें दिल्ली आमंत्रित किया गया। वहां सम्मान समारोह कार्यक्रम में फिल्म अभिनेत्री जीनत अमान ने प्रगति इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड देकर सम्मनित किया। संस्था ने ट्रस्ट को प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान घोषित किया है। सचिव ने इसका श्रेय कॉलेज के सभी शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया। इसी का नतीजा रहा कि यह कामयाबी मिली है। इस मौके पर रिजवी स्प्रिंग फील्ड के प्रधानाध्यापक धर्मेन्द्र पांडेय, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, आलोक श्रीवास्तव, शैलेन्द्र कुमार आदि मौजूद रहे।