मंझनपुर/अजुहा। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे 10वीं और 12वीं क्लास के छात्र-छात्राओं की विदाई के कार्यक्रम इन दिनों स्कूलों में चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी एनडी स्कूल भरवारी और कमला देवी इंटर कालेज अजुहा में विदाई समारोह हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करके विदाई की इस बेला को यादगार बना दिया। वहीं स्कूल प्रबंधक, प्रिंसिपल और शिक्षकों ने बच्चों को उज्जवल भविष्य का आशीष दिया।
एनडी गर्ल्स और ब्वायज स्कूल भरवारी में बृहस्पतिवार को संयुक्त रूप से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित किया। इस मौके को यादगार बनाने के लिए नौवीं और 11वीं के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साथ ही गेम शो का भी आयोजन किया गया। समारोह के अंत में पूजा पांडेय को मिस एनडी, शामली सिंह को प्राइड एनडी, नित्या को मिस साइंस चुना गया।
वहीं योगेश को मिस्टर एनडी, प्रशांत को प्राइड एनडी, नागेंद्र को साइंस एनडी का सम्मान दिया गया। स्कूल के चेयरमैन संजय गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। कहा कि छात्र जीवन में 12वीं क्लास की शिक्षा ही जीवन निर्माण का सबसे अहम पड़ाव है। इस मौके पर प्रधानाचार्य सपना गुप्ता, जीतेंद्र प्रताप सिंह, विष्णु पांडेय, एस चंद्रा, आरपी चतुर्वेदी, प्रज्ञा सिंह, विमल पांडेय, मांसी केसरवानी आदि मौजूद रही।
इसी तरह से बृहस्पतिवार को कमला देवी इंटर कालेज अजुहा में भी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके अपने सीनियरों को यादगार विदाई दी। पर, इस विदा की बेला में कई लड़के-लड़कियां खुद को भावुक होने से भी रोक नहीं पाए। प्रबंधक पुष्पराज सिंह, प्रधानाचार्य अखिलेश तिवारी छात्र-छात्राओं को अच्छे अंकों से पास होने और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।