बेसिक शिक्षा विभाग ने पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। कक्षा दो से लेकर आठ तक की अधिकांश पुस्तकों के नाम बदल गए हैं। पाठ्यक्रम में देश के इतिहास और महापुरुषों के विषय में बच्चों को पढ़ाने को प्राथमिकता दी गई है। विभाग ने नई 30 किताबों की सूची जारी कर दी है। नई किताबों की आपूर्ति शुरू हो गई हैं। लेकिन अभी नमूने नहीं आए हैं। नमूना प्रमाणित होने के बाद बच्चों को किताबें वितरित की जाएंगी।
कक्षा दो से लेकर आठ तक सभी प्रमुख विषयों की किताबें बदल गई हैं। हिंदी में किसलय कक्षा दो, पंखुड़ी कक्षा तीन, फुलवारी कक्षा चार, वर्तिका कक्षा पांच, अक्षय कक्षा छह, दीक्षा कक्षा सात और कक्षा आठ में अब प्रज्ञा किताब पढ़ाई जाएगी।
गणित में अंकों का जादू कक्षा तीन, अंक जगत कक्षा चार, गणित ज्ञान कक्षा पांच, सीखें गणित कक्षा छह, गणित प्रकाश कक्षा सात और गणित मंथन कक्षा आठ में पढ़ाई जाएगी। संस्कृत में संस्कृत सुधा कक्षा चार, संस्कृत सुबोध कक्षा पांच, संस्कृत निधि कक्षा छह, संस्कृत मंजूषा कक्षा सात और कक्षा आठ में संस्कृत भारती शामिल की गईं हैं।
अंग्रेजी विषय में स्प्रिंग कक्षा चार, पटेल्स कक्षा पांच, इंगलिश रीडर कक्षा छह, सात आठ में पढ़ाई जाएगी। विज्ञान विषय की विज्ञान भारती नामक किताब कक्षा छह, सात और आठ में पढ़ाई जाएगी। गृहविज्ञान में कक्षा सात में गृह कौशल और आठ में गृह दर्शिका शामिल की गई है। महान व्यक्तित्व में कक्षा सात में भारत की महान विभूतियां और आठ में हमारे आदर्श नामक पुस्तक पाठ्यक्रम में शामिल की गई है।
कक्षा दो से लेकर आठ तक की कुल 30 किताबें बदल गईं हैं। अभी तक बच्चे जो किताबें पढ़ते थे, अब उनके स्थान पर इस बार दूसरी किताबें दी जाएंगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने नई किताबों की सूची जारी कर दी है। किताबें आनी भी शुरू हो गईं हैं। नमूने का इंतजार किया जा रहा है। नमूने आने पर विभागीय अफसरों की ओर से प्रमाणित करने के बाद किताबों का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
प्रवीण तिवारी, डीसी सामुदायिक