बदमाश को चाय पिलाने में चौकी प्रभारी समेत तीन लाइन हाजिर
पीस कमेटी की बैठक में रविवार को खिला रहे थे समोसा भी
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पीस कमेटी की बैठक में टॉप-10 बदमाश को चाय पिलाना हिनौता चौकी प्रभारी सहित तीन पुलिस कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। एसपी ने फोटो देखने के बाद तीनों को लाइन हाजिर कर दिया। फोटो में ये सभी अपराधी को समोसा खिलाने के साथ चाय पिलाते दिख रहे हैं।
नवरात्र पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी ने सभी कोतवालों को संभ्रांत लोगों संग बैठक करने का निर्देश दिया है। उनके निर्देश पर रविवार को महेवाघाट कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक बुलाई गई थी। आरोप है कि इस बैठक में हिनौता चौकी प्रभारी विजेंद्र सिंह, दारोगा सत्येंद्र सिंह और सिपाही ताहिर हुसैन इलाके के एक टॉप-10 अपराधी को बगल में बैठाए हुए थे। संभ्रांत लोगों के सामने खाकी वाले बदमाश के साथ ठिठोली कर रहे थे। उसके कान में बातें कर रहे थे। किसी मेहमान की तरह उसे चाय-समोसा खिला रहे थे। बाद में चौकी प्रभारी ने खुद ही पुलिस के ग्रुप में फोटो भी डाल दी। फोटो पर निगाह पड़ते ही एसपी प्रदीप गुप्ता बिफर पड़े। उन्होंने तीनों पुलिस कर्मचारियों को सोमवार शाम लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही बदमाश से उनके संबंधों की जानकारी करने की जिम्मेदारी सीओ सिटी को सौंप दी। एसपी ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।