बेनीराम कटरा स्थित घटनास्थल पर जुटी भीड़-संवाद
इलाके का बेनीराम कटरा चौराहा रविवार शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। आरोप है कि खरीदे गए सामान का पैसा मांगने पर दुकानदार की पिटाई कर हमला किया गया। हमलावरों ने खुद को लारेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बताया। आरोप है कि दबंगों की शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। गनीमत रही कि गोलियां गुमटी से टकराकर निकल गईं। दुकानदारों के जुटने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग गए। शिकायत पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
बेनीराम कटरा निवासी भारतलाल साहू ने तिराहे पर पान की गुमटी चलाते हैं। उसी में वह नमकीन, पानी, सिगरेट, पान मसाला आदि बेचते हैं। भारत ने बताया कि शनिवार दोपहर पड़ोसी गांव जयंतीपुर के तीन दबंग उसकी दुकान पर आए और पानी की बोतल व सिगरेट ली। सामान का पैसा मांगने पर तीनों खुद को लारेंस विश्नोई गैंग का सदस्य बता उसकी पिटाई शुरू कर दी।
चीख-पुकार सुन जुटे लोगों के दखल पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पिटाई और धमकी के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर नामजद तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इससे बेखौफ हुए हमलावर रविवार शाम सात बजे हाथ में तमंचा लहराते आए और उसे निशाने पर लेते हुए फायर करने लगे। गोली चलते ही वह नीचे झुक छिप गया।
गनीमत रही कि तमंचे से निकली गोलियां गुमटी से टकराकर बाहर निकल गई।
फायरिंग की आवाज सुन आसपास के दुकानदार दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना के बाद आई पुलिस ने घटना के बारे में पूछताछ की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है,प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपी हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।