फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कौशांबी : माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के पिता का निरस्त होगा शस्त्र लाइसेंस, डीएम को भेजी गई रिपोर्ट

Sat, 18 Mar 2023 09:53 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, कौशांबी

सार

माफिया अतीक अहमद के शूटर अब्दुल कवि के पिता अब्दुल गनी के नाम से जारी इकनाली बंदूक का लाइसेंस निरस्त हो सकता है। पुलिस ने प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अब्दुल कवि के घर पर छापेमारी की उसके यहां से कई नाजायज असलहें व बम बरामद हुए थे।
विज्ञापन
Kaushambi : इनामी शूटर अब्दुल कवि की खोजबीन के लिए लगाए गए पोस्टर। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

माफिया अतीक अहमद के शूटर अब्दुल कवि के पिता अब्दुल गनी के नाम से जारी इकनाली बंदूक का लाइसेंस निरस्त हो सकता है। पुलिस ने प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड के बाद अब्दुल कवि के घर पर छापेमारी की उसके यहां से कई नाजायज असलहें व बम बरामद हुए थे। पुलिस ने यहीं से कवि के पिता के नाम से जारी लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है।

विज्ञापन


माफिया के गैंग को संरक्षण देने के मामले में पुलिस ने कवि के पिता के नाम से जारी शस्त्र लाइसेंस को निरस्त किए जाने की रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी है। सरायअकिल कोतवाली के भखंदा गांव का अब्दुल कवि माफिया अतीक अहमद के गैंग का शूटर है। वर्ष 2005 में राजूपाल हत्याकांड के बाद अब्दुल कवि का नाम सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में लाया। कवि की गिरफ्तारी नहीं होने पर 14 फरवरी को सीबीआई ने उसके घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया।

इस बीच प्रयागराज में अतीक गैंग के शूटरों ने राजूपाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल व उनके दो सरकारी सुरक्षा कर्मियों की हत्या कर दी। इस घटना ने प्रदेश सरकार को हिलाकर रख दिया। पुलिस को पता चला कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद शूटर भखंदा में अब्दुल कवि के यहां शरण लिए हुए हैं। पुलिस ने टीम बनाकर उसके घर पर दबिश दी लेकिन कोई शूटर नहीं मिला।

घर की दीवारों में कुछ जगह ताजा प्लास्टर दिखने पर पुलिस ने जेसीबी व पोकलैंड मशीन से घर जमींदोज कराया तो उसके यहां दीवारों में छिपाकर रखे गए नाजायज असलहें, बम, चापड़ व चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने अब्दुल कवि के पिता अब्दुल गनी के नाम पर पर जारी इकनाली बंदूक को भी जब्त किया। इस शस्त्र के निरस्तीकरण के लिए पांच मार्च को पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर संस्तुति के लिए जिला मजिस्ट्रेट को भेजी है। माना जा रहा है जल्द ही यह लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

ओमप्रकाश पाल पर कातिलाना हमले में बंदूक के प्रयोग का शक

राजूपाल हत्याकांड में चकपिन्हा गांव के ओम प्रकाश पाल भी गवाह हैं। उनकी गवाही सीबीआई कोर्ट में होना बाकी है। सितंबर 2020 में ओम प्रकाश पर माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर तमंचे से फायर किया था। घटना में वह बाल-बाल बचे। एक अक्तूबर 2020 को ओम प्रकाश पाल ने अब्दुल कवि समेत तीन लोगों के खिलाफ कातिलाना हमले की रिपोर्ट दर्ज कराया।

आरोप लगाया कि अब्दुल कवि उस पर राजूपाल हत्याकांड में गवाही नहीं देने का दबाव डाल रहा था। मना करने पर उसने गोली चलाई। पुलिस को शक है कि हमले में अब्दुल कवि ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक का इस्तेमाल किया होगा। शस्त्र निरस्तीकरण की भेजी गई रिपोर्ट में इसका भी जिक्र किया गया है। हालांकि इस घटना में कोई गवाह नहीं मिलने के कारण पुलिस ने मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी। अब फिर से विवेचना की जा रही है।

आईजी ने घोषित किया शूटर कवि पर इनाम
पुलिस को शक है कि राजूपाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की हत्या में भी अब्दुल कवि का हाथ हो सकता है। इस पर आईजी चंद्रप्रकाश ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार का इनाम घोषित किया है। सीबीआई ने अब्दुल कवि को पहले ही भगोड़ा घोषित कर रखा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें