Arbaaz was killed by friends in a gambling dispute
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज के कशिया गांव में तीन दिन पहले हुई अरबाज की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जुए के खेल में पैसों को लेकर अरबाज के साथियों ने ही उसकी सिर कूंचकर हत्या कर दी थी। साथ ही शव को खेत में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
कशिया पूरब गांव निवासी इरफान के बेटे अरबाज (18) की सात अक्तूबर को हत्या कर दी गई थी। आठ अक्तूबर की सुबह आठ बजे के करीब गांव के बाहर राजू चौरसिया के खेत में अरबाज का शव बरामद हुआ था। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस घटना के खुलासे में जुटी थी।
सोमवार को हत्या के खुलासे में पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ऑफिस में एएसपी समर बहादुर ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि अरबाज खान मोहल्ले के लड़कों के साथ जुआ खेला करता था। पुलिस ने अरबाज के साथ जुआ खेलने वाले गांव के ही दुबरी उर्फ धीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा व पत्तल उर्फ मिथलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इस पर दोनों टूट गए। आरोपियों ने बताया कि अरबाज के साथ जुए के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात को इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी कर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का पटरा तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।